
Dehradun LPG Supply : Uttarakhand Gas Update : प्रदेश में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर सरकार सतर्क नजर आ रही है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर गैस आपूर्ति की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के सिलेंडरों की आपूर्ति मांग के अनुसार समय पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य जरूरी सेवाओं में गैस की सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहे।
LPG Supply Update: जिलावार स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को एलपीजी स्टेट कोऑर्डिनेटर के साथ लगातार संपर्क में रहने और जरूरत के अनुसार आपूर्ति बढ़ाने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों से नए शहरी क्षेत्रों में शामिल इलाकों को तेल कंपनियों के सिस्टम में अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। खासतौर पर व्यावसायिक संस्थानों को पीएनजी अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही गई…ताकि एलपीजी पर दबाव कम हो सके।
इसके अलावा गैस के विकल्प के रूप में पिरुल ब्रिकेट को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि इससे एलपीजी की खपत कम होगी और चीड़ के जंगलों से पिरुल हटाने में भी मदद मिलेगी।






