
Uttarakhand News: Weather: Alert: मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को खराब मौसम के दौरान नियंत्रित रखने, संवेदनशील इलाकों में आवाजाही सीमित करने और हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत सभी अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। मोटर मार्ग बाधित होने पर तत्काल बहाली, गांव स्तर के अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति और पुलिस चौकियों में आपदा उपकरणों के साथ वायरलेस सिस्टम को भी अलर्ट रखने को कहा गया है।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने आम जनता से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।






