Haridwar News

खाड़ी में तनाव के बीच होर्मुज में फंसे उत्तराखंड के कैप्टन, पत्नी से फोन पर कही ये बात

CaptainAshishSharma
Ad

RoorkeeNews : CaptainAshishSharma : MerchantNavy : HormuzStrait : IndianCrew : InternationalTension : UttarakhandNews : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उत्तराखंड के रुड़की के रहने वाले मर्चेंट नेवी के कैप्टन आशीष शर्मा होर्मुज क्षेत्र में एक तेल टैंकर जहाज पर अपनी टीम के साथ डटे हुए हैं। वह जहाज पर मौजूद 24 सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व कर रहे हैं और कठिन परिस्थितियों के बीच पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने साथियों का हौसला बढ़ा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार रुड़की के दिल्ली रोड क्षेत्र के रहने वाले कैप्टन आशीष शर्मा इस समय होर्मुज क्षेत्र में एक तेल से भरे जहाज की कमान संभाले हुए हैं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वहां हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं और इसी बीच उनका जहाज भी उसी क्षेत्र में मौजूद है।

होर्मुज में खड़े हैं सैकड़ों तेल टैंकर

कैप्टन आशीष शर्मा की पत्नी सरुनिका शर्मा ने कहा कि इस समय होर्मुज क्षेत्र में 700 से अधिक मर्चेंट नेवी के तेल टैंकर जहाज मौजूद हैं। उनके पति जिस जहाज पर तैनात हैं उस पर 24 भारतीय सदस्य काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में उनके पति अपनी टीम के सभी सदस्यों का मनोबल बनाए हुए हैं। वह लगातार सभी को हिम्मत देते हैं और उनके परिवारों से भी संपर्क कर यह भरोसा दिलाते हैं कि सभी सुरक्षित हैं।

परिवार से लगातार संपर्क

सरुनिका शर्मा के अनुसार कैप्टन आशीष शर्मा जहाज पर रहते हुए अपनी कंपनी के साथ लगातार संपर्क में हैं। जहाज पर सभी जरूरी सामान और सुविधाएं उपलब्ध हैं…जिससे टीम को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि उनके पति हमेशा यही कहते हैं कि हिम्मत और धैर्य के साथ इस चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना किया जा सकता है और जल्द ही सब सुरक्षित भारत लौटेंगे।

परिवार कर रहा सुरक्षित वापसी की प्रार्थना

वहीं परिवार के लोग लगातार उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार को उम्मीद है कि हालात जल्द सामान्य होंगे और सभी लोग सुरक्षित अपने घर लौट सकेंगे। रुड़की के कैप्टन आशीष शर्मा का इस कठिन समय में अपने दल का नेतृत्व करना साहस और जिम्मेदारी की एक मिसाल माना जा रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top