
Salary Relief | Pension Update | Uttarakhand Finance Department | Govt Employees News | Dehradun Update : उत्तराखंड मे सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हर साल मार्च के महीने में वेतन और पेंशन मिलने में होने वाली देरी से परेशान रहने वाले लाखों लोगों को इस बार बड़ी राहत मिलने जा रही है।
दरअसल वित्तीय वर्ष के अंत में जहां एक ओर विभागों का सालाना बजट क्लोज होता है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों और पेंशनर्स को भुगतान में देरी की समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति ऐसी बन जाती थी कि लोगों को 15 से 20 दिन तक इंतजार करना पड़ता था और मार्च का वेतन अप्रैल के अंत तक जाकर मिलता था।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड वित्त विभाग ने इस बार पहले ही दिन आदेश जारी कर राहत देने की कोशिश की है। आदेश में सभी जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बजट की प्रत्याशा में ही कर्मचारियों का वेतन और पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करें।
यानी अब बजट की अंतिम मंजूरी या धनराशि जारी होने का इंतजार किए बिना ही भुगतान प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को समय पर पैसा मिल सकेगा और उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आय-व्यय का प्रस्ताव पहले ही विधानसभा से पारित हो चुका है और सभी विभागों को आवश्यक वित्तीय स्वीकृतियां देने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस फैसले का सबसे ज्यादा फायदा उन पेंशनर्स को होगा….जो अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पेंशन पर निर्भर रहते हैं। साथ ही कर्मचारियों को भी समय पर वेतन मिलने से घरेलू बजट संभालने में आसानी होगी।
गौरतलब है कि इसी तरह की व्यवस्था पहले उत्तर प्रदेश में भी लागू की जा चुकी है….जहां बजट की प्रत्याशा में ही भुगतान सुनिश्चित किया जाता है। अब उत्तराखंड ने भी इसी मॉडल को अपनाते हुए अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देने का कदम उठाया है।






