
Kapil Sibal : BJP Allegation : Rahul Gandhi : Congress vs BJP Jeffrey Epstein Case : Indian Politics : भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। भाजपा ने दावा किया कि सिब्बल ने वर्ष 2010 में अमेरिका में एक ऐसा पुरस्कार प्राप्त किया था, जिसे कथित तौर पर यौन अपराधों के दोषी जेफ्री एप्स्टीन द्वारा वित्त पोषित कार्यक्रम से जोड़ा गया है। भाजपा ने इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जवाब मांगा है।
हालांकि कपिल सिब्बल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा के दावों को “बकवास” बताया। वहीं कांग्रेस ने भी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि सिब्बल उस कार्यक्रम में एप्स्टीन के मेहमान नहीं थे और उनका उससे कोई संबंध नहीं था।
कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि उस समय सिब्बल केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री थे और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग के समर्थन के लिए सम्मानित किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम का जेफ्री एप्स्टीन से कोई संबंध नहीं था।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि सिब्बल को कथित तौर पर एप्स्टीन से जुड़े कार्यक्रम में सम्मान मिला था। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए इस मामले में जवाब देने की मांग की। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना की।
गौरतलब है कि कपिल सिब्बल वर्ष 2022 में कांग्रेस छोड़ चुके हैं और वर्तमान में समाजवादी पार्टी के समर्थन से राज्यसभा के निर्दलीय सदस्य हैं। इस पूरे मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।






