Champawat News

लोहाघाट के मेहुल खर्कवाल बनेंगे भारतीय सेना का हिस्सा, CDS परीक्षा में मिली सफलता


CDS Results: Mehul: Champawat: उत्तराखंड के युवाओं में देश सेवा का जज़्बा सदियों से कायम है, और इस परंपरा को आगे बढ़ाया है चंपावत जिले के लोहाघाट के होनहार युवा मेहुल खर्कवाल ने। मेहुल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 211वीं रैंक हासिल कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब वे ओटीए (ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी), चेन्नई से प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना में अधिकारी के रूप में राष्ट्र सेवा करेंगे।

Ad

मेहुल एक साधारण परिवार से आते हैं, लेकिन उनके सपने हमेशा बड़े रहे। उनके पिता गणेश दत्त खर्कवाल लोहाघाट के एक प्रतिष्ठित व्यापारी हैं, जबकि माता सुधा खर्कवाल गृहिणी हैं। मेहुल की प्रारंभिक शिक्षा ऑकलैंड पब्लिक स्कूल, लोहाघाट में हुई, इसके बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई लखनऊ पब्लिक स्कूल से पूरी की और स्नातक की शिक्षा उन्होंने नोएडा से प्राप्त की।

यह राह उनके लिए आसान नहीं थी। उन्हें यह सफलता आठवें प्रयास में मिली, जो उनकी निरंतरता, धैर्य और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। मेहुल ने कभी हार नहीं मानी और हर बार पहले से अधिक मेहनत के साथ तैयारी की।

बचपन से ही होनहार और अनुशासित रहे मेहुल आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। उनकी इस सफलता से परिवार, क्षेत्र और राज्य भर में खुशी की लहर है। मेहुल ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिजनों और शिक्षकों को दिया है। उनका कहना है कि अगर मन में ठान लो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती।

To Top