CM Corner

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्वानू–मीनस बस हादसे के घायलों का हाल जाना

PUSHKAR SINGH DHAMI
Ad

Dehradun : CMVisit : BusAccident : HimachalTransport : InjuredPassengers : MedicalCare : Uttarakhand : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी क्षेत्र में क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हुई हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हाल जानने के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल में भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकीय टीम को सभी घायलों को सर्वोत्तम और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर विकासनगर में उपचाराधीन घायलों को भी समुचित और संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार को आश्वस्त किया कि उत्तराखण्ड में उपचाराधीन हिमाचल के सभी घायल यात्रियों का समुचित और निःशुल्क उपचार किया जा रहा है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top