
हल्द्वानी: शहर की विभिन्न सड़कों पर लंबे समय से चल रहे खुदाई कार्य और उनके समय पर पुनर्स्थापन न होने की समस्या को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई और नगर आयुक्त ने इस मुद्दे पर संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की, जिसमें शहरवासियों को हो रही परेशानियों पर गंभीर चिंता जताई गई।
बैठक में UUSDA, लोक निर्माण विभाग (PWD), यूपीसीएल, सिंचाई विभाग, जल संस्थान तथा जमरानी परियोजना से जुड़े अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी खुदी हुई सड़कों को तत्काल प्रभाव से ठीक किया जाए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि विभाग आपसी समन्वय बनाकर तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क कार्यों की प्रगति की समीक्षा हर 15 दिन में की जाएगी और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में अतिक्रमण चिन्हित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।






