Uttarakhand News

सीएम धामी ने परीक्षा पे चर्चा संवाद को राष्ट्रीय आंदोलन करार दिया

Ad

Uttarakhand: Pariksha Par Charcha: CM Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेशविला रोड स्थित सेंट एग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण से जुड़ा है और यह कार्यक्रम अब केवल संवाद नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन का रूप ले चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश विद्यार्थियों को यह सिखाता है कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण हो सकती है, लेकिन सम्पूर्ण जीवन नहीं। उन्होंने अपने स्कूली जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय का समय अमूल्य होता है, जो दोबारा लौटकर नहीं आता, इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि परीक्षा एक अवसर है, जिसमें छात्र एक योद्धा की तरह आत्मविश्वास, धैर्य और शांति के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना ही काबिलियत नहीं, बल्कि जीवन में अनेक अन्य लक्ष्य भी होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर प्राथमिकताओं के साथ आगे बढ़ने और परीक्षा के दबाव से मुक्त रहकर सकारात्मक सोच के साथ सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालने और उनकी तुलना दूसरों से न करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि परीक्षा पे चर्चा 2026 के अंतर्गत देशभर में चार करोड़ से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने पंजीकरण कराया है, जिससे पूर्व का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूटने जा रहा है। उत्तराखंड से इस वर्ष लगभग 7 लाख विद्यार्थी, 53 हजार से अधिक शिक्षक एवं 14 हजार से अधिक अभिभावक कार्यक्रम से जुड़े हैं, जबकि गत वर्ष यह संख्या 2 लाख 98 हजार विद्यार्थियों तक सीमित थी।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि राज्य के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है। यह वीडियो राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाला कुराली, विकासखंड जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा तैयार किया गया है। रोहन सिंह राणा को प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम में दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक शिक्षा दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल कुमार सती, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top