
SheForSTEM | PushkarSinghDhami | WomenInScience | Champawat | STEMEducation : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत के गोरलचौड़ सभागार में आयोजित “SHE for STEM” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य की 50 मेधावी छात्राओं को 10,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की और छात्र-छात्राओं को STEM लैपटॉप वितरित कर सम्मानित किया।
इस मौके पर उन्होंने चम्पावत में ‘विज्ञान रेडियो’ की स्थापना, जिले को आदर्श व ‘रेजिलिएंट’ जनपद के रूप में विकसित करने, महिला प्रौद्योगिकी केंद्र के लिए स्थान उपलब्ध कराने और आपदा प्रबंधन केंद्र की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर विज्ञान और नवाचार का है और सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश की हर बेटी विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल पढ़ाई का विषय नहीं…बल्कि समस्याओं के समाधान का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं…जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित हो रही है। साथ ही विज्ञान और इनोवेशन केंद्र भविष्य में विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विज्ञान शिक्षा से छात्राओं में आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता बढ़ती है…जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकती हैं। चम्पावत में बन रहा साइंस सेंटर भी युवाओं को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि तकनीकी प्रशिक्षण से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों में विज्ञान और तकनीक को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं को हस्तशिल्प, फूड प्रोसेसिंग, मशरूम उत्पादन और अन्य क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत लगातार विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






