Uttarakhand : Dhruv Gupta: ऋषिकेश के हनुमंतपुरम गंगानगर क्षेत्र निवासी ध्रुव गुप्ता ने कजाकिस्तान में आयोजित एशिया वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए चार स्वर्ण पदक जीतकर देश और शहर दोनों का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ऋषिकेश लौटने पर जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। ध्रुव गुप्ता ने बताया कि वह बीते चार वर्षों से पावरलिफ्टिंग में कठिन परिश्रम कर रहे हैं और यह सफलता उसी का परिणाम है। उन्होंने पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कई बार पदक जीते हैं। 26 और 27 अप्रैल को आयोजित इस चैंपियनशिप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

अपनी जीत के बाद ध्रुव ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर खेलों में रुचि लें और फिटनेस पर ध्यान दें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जुनून को पहचानें और खेलों के माध्यम से देश का नाम रोशन करें। ध्रुव की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता अनिल गुप्ता और रितु गुप्ता बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि बेटे की मेहनत रंग लाई है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वह भविष्य में ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर भी देश को गौरव दिलाएगा। ध्रुव को शहर की कई राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने भी बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
