
Haldwani: Cricket: League: Police: हल्द्वानी के इंटरनेशनल स्टेडियम में क्रिकेट देखने का इंतजार खेल प्रेमियों का बढ़ गया है। पिछले एक दशक से क्षेत्र के लोग क्रिकेट के मैदान पर बड़े खिलाड़ियों को देखने का इंतजार कर रहे हैं। वैसे तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में फुटबॉल के मुकाबले हो चुके हैं लेकिन जिसके लिए ये मैदान बनाया गया था वो देखने का मौका फिलहाल लोगों को नहीं मिला है।
क्रिकेट लीग ने दिखाए सपने
पिछले कुछ दिनों से शहर में evcl क्रिकेट लीग की चर्चा खूब हो रही थी। इसके लिए भारत के पूर्व तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार भी इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचे तो लोगों को लगा कि बड़े स्तर की क्रिकेट लीग देखने का इंतजार खत्म हो सकता है। आयोजक भी सारी तैयारियां पूरी होने की बातें मीडिया से कर रहे थे। हालांकि किसी को पता नहीं था कि लीग शुरू होने से पहले विवादों में आ जाएगी। सबसे पहले 3 फरवरी को मुकाबला को स्थगित किया गया और पांच को पुलिस ने एक नया खुलासा किया।
क्या क्रिकेट के नाम पर हुआ फर्जीवाड़ा
पुलिस के सामने क्रिकेट लीग को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। क्रिकेट टीम बेचने और मैच आयोजन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी हुई है। जानकारी के अनुसार क्रिकेट लीग का आयोजक विकास ढाका ही इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड निकलाहै। आरोप है कि उसने पूर्व विधायक नारायण पाल सहित उत्तराखंड समेत कई अन्य राज्यों के लोगों से क्रिकेट टीम और मैच में भागीदारी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए।
बता दें कि 3 फरवरी से गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में क्रिकेट मैच आयोजित होने थे, लेकिन आयोजन से पहले ही ठगी की शिकायतें सामने आने लगीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजक विकास ढाका को एक होटल से पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ठगी की राशि कितनी है तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में कई पीड़ितों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है। इस ठगी ने खेल प्रेमियों को निराश किया तो वही दबी जुबान पर क्रिकेट प्रेमी ये भी कह रहे हैं कि पता नहीं हल्द्वानी के इंटरनेशनल स्टेडियम में क्रिकेट देखने का मौका कब मिलेगा।






