देहरादून: मई 2021 में दुष्कर्म के गंभीर आरोपों का सामना कर चुके पूर्व विधायक महेश नेगी को कोर्ट ने राहत दी है। कोर्ट ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया है। इस फैसले के बाद मंगलवार को देहरादून में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रशेखर तिवारी और पूर्व विधायक महेश नेगी ने न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया।

प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि 22 मई 2025 को कोर्ट ने पूर्व विधायक को क्लीन चिट दे दी है। उन्होंने बताया कि इस केस में शुरू से ही कोई ठोस साक्ष्य नहीं थे और पूरा मामला राजनीति से प्रेरित तथा छवि धूमिल करने की कोशिश मात्र था। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास बनाए रखते हुए उन्होंने पूरे मामले को कानूनी तरीके से लड़ा और अंततः सच्चाई की जीत हुई।
पूर्व विधायक महेश नेगी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा न्यायपालिका में आस्था रखी और उन्हें भरोसा था कि न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस झूठे आरोप के कारण उनका और उनके परिवार का मानसिक, सामाजिक और राजनीतिक नुकसान हुआ है। उन्होंने कोर्ट के इस फैसले को सच्चाई की जीत बताया।
महेश नेगी ने यह भी जानकारी दी कि अब उन्होंने मानहानि के तहत 2 करोड़ रुपये का केस दायर किया है। वहीं, उनकी पत्नी की ओर से ब्लैकमेलिंग के आरोप में भी मामला कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जैसे उन्हें इस मामले में न्याय मिला, वैसे ही अन्य मामलों में भी सच्चाई सामने आएगी और उन्हें पूर्ण न्याय मिलेगा।
