
Free Helicopter Service | Rudraprayag News | Safe Motherhood | Uttarakhand Health : दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए राहत भरी पहल करते हुए जिले में निःशुल्क हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की गई है। इस सेवा को “अब दूरी नहीं बनेगी बाधा, सुरक्षित मातृत्व हमारा वादा” अभियान के तहत शुरू किया गया है।
यह पहल चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग के संयुक्त सहयोग से संचालित की जा रही है…जिसका उद्देश्य समय पर गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव सुविधा उपलब्ध कराना है।
बुधवार को इस सेवा की पहली सफल उड़ान भी पूरी की गई। जिले की निवासी उदीना (पत्नी महेश) को हेलीकॉप्टर के जरिए वन चेतना पार्क, जखोली से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका सुरक्षित प्रसव कराया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार यह सेवा खासतौर पर उन क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी जहां सड़क सुविधा सीमित है और आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि यूकाडा, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से इस योजना को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि जरूरत पड़ने पर इस सेवा का लाभ जरूर उठाएं और समय रहते स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करें।






