
Uttarakhand News: Haldwani News: Journalist: Deepak Fulera: हल्द्वानी में पत्रकारों ने खटीमा के वरिष्ठ पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर कड़ा विरोध जताया। हिमालय डिजिटल मीडिया संगठन के नेतृत्व में जुटे पत्रकारों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपते हुए मुकदमा वापस लेने की मांग की।
पत्रकारों का कहना था कि दीपक फुलेरा ने गैस संकट जैसी गंभीर जनसमस्या को सामने लाकर आम जनता की आवाज उठाई थी। यह कार्य पूरी तरह जनहित और पत्रकारिता के मूल उद्देश्यों के अनुरूप था। ऐसे में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी सवाल खड़े करता है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने पर ही कार्रवाई होगी, तो निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर मुकदमा वापस लिया जाए।
इस मौके पर गिरीश गोस्वामी, शैलेंद्र नेगी, अंकित शाह, हर्ष रावत, दिनेश पांडे, संजय कुमार, गितेश त्रिपाठी, संजय पाठक, दीप बिष्ट, श्रुति तिवारी, विनोद यादव समेत कई पत्रकार मौजूद रहे।






