Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी निवासी बॉलीवुड अभिनेत्री सुनीता रजवार ने रचा इतिहास,मुंबई में मिला फिल्मफेयर अवार्ड

हल्द्वानी निवासी बॉलीवुड अभिनेत्री सुनीता रजवार ने रचा इतिहास,मुंबई में मिला फिल्मफेयर अवार्ड

हल्द्वानी: शहर की निवासी बॉलीवुड अभिनेत्री सुनीता रजवार को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के फिल्मफेयर पुरस्कार (Filmfare award) से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार टीवीएफ के वेब शो गुल्लक के दूसरे सीज़न में हास्य किरदार निभाने के लिए मिला है। ओटीटी माध्यम आने के बाद सुनीता रजवार (Sunita Rajwar) उत्तराखण्ड की पहली महिला कलाकार हैं, जिन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह प्रत्येक कलाप्रेमी और उत्तराखण्ड राज्य के निवासी के लिए गर्व की बात है।

6 नवंबर 1969 में बरेली उत्तर प्रदेश (Bareilly Uttar Pradesh) में जन्मी सुनीता रजवार का बचपन शहर हल्द्वानी में बीता। उन्होंने हल्द्वानी के निर्मला कॉन्वेंट स्कूल (Nirmala convent school Haldwani) से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी कॉलेज (DSB College) में दाखिला लिया। सुनीता रजवार के पिता पहाड़ों में ट्रक ड्राइवर थे और माता सामान्य गृहणी थीं।

Join-WhatsApp-Group

सुनीता रजवार का हमेशा से ही रंगमच और नाटकों से लगाव था। वह नैनीताल में हो रहे नाटकों में हमेशा हिस्सा लेने के लिए लालायित रहती थीं। रंगमंच के प्रति यही दीवानगी सुनीता रजवार को नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा लेकर गई। सुनीता रजवार ने देश के प्रतिष्ठित नेशनल स्कूल ऑफ़ ड्रामा (National school of drama) से पढ़ाई की। एनएसडी से निकलने के बाद सुनीता रजवार ने मायानगरी मुंबई का रुख किया। मुंबई फ़िल्म इंडस्ट्री, जिसे हम बॉलीवुड (bollywood) कहते हैं, सुनीता रजवार के लिए कर्मभूमि साबित हुई। उन्होंने केदारनाथ, बाला,एक चालीस की लास्ट लोकल, शुभ मंगल ज्यादा सावधान,स्त्री जैसी कामयाब फिल्मों में सशक्त अभिनय किया।

ओटीटी माध्यम (OTT platforms) आने के बाद सुनीता रजवार ने यहां भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। टीवीएफ़ के वेब शो गुल्लक के सीजन 1 और सीजन 2 में सुनीता रजवार ने हास्य किरदार निभा कर जनता का दिल जीत लिया। इसी किरदार के लिए उन्हें फिल्मफेयर ओटीटी 2021 अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ सहायक (best supporting actress) अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला है। सुनीता रजवार आज उत्तराखण्ड ही नहीं हर प्रदेश के उस युवा के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बन गई हैं, जो छोटे शहर में रहकर बड़े सपने देखने की हिम्मत करता है।

To Top