
Uttarakhand Gas Rule | LPG Cylinder Limit | Food Supply Department | Black Marketing | Dehradun News : उत्तराखंड में फिलहाल पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है…लेकिन भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार सतर्क हो गई है। गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है।
विभाग के अनुसार राज्य में एक ही परिवार के नाम पर दो से अधिक गैस कनेक्शन रखने वालों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया गया है। कई मामलों में पाया गया है कि घरेलू गैस कनेक्शन का इस्तेमाल व्यावसायिक कामों में किया जा रहा था..जिससे आम उपभोक्ताओं की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
खाद्य विभाग के सचिव आनंद स्वरूप ने कहा कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर गैस मिल सके और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे। अधिक कनेक्शन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शादी-ब्याह और बड़े आयोजनों को लेकर भी नया नियम लागू किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे आयोजनों के लिए केवल दो गैस सिलेंडर ही दिए जाएंगे। इसके लिए अस्थायी कनेक्शन लेना होगा….जिसके आधार पर गैस एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त किए जा सकेंगे।
विभाग का कहना है कि यह निर्णय संसाधनों के संतुलित उपयोग और अनावश्यक खपत को रोकने के लिए लिया गया है। हालांकि इस फैसले को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया मिली-जुली है। कुछ लोग इसे सही कदम मान रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि बड़े आयोजनों में दो सिलेंडरों में व्यवस्था करना मुश्किल हो सकता है।
खाद्य विभाग ने यह भी साफ किया है कि गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। होटल, ढाबों या अन्य व्यावसायिक जगहों पर घरेलू गैस का उपयोग करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।
विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अगर कहीं गैस का गलत इस्तेमाल हो रहा है, तो इसकी सूचना प्रशासन को दें।






