
IG Riddhim Agrawal Awarded President’s Medal: पिछले दिनों उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के भव्य अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय परेड में एक विशेष क्षण देखने को मिला…जब महामहिम राष्ट्रपति की ओर से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊँ रेंज, रिद्धिम अग्रवाल (IPS) को राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उन्हें यह सम्मान सौंपा।
यह पदक रिद्धिम अग्रवाल के उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुकरणीय सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। अपने सेवा काल में उन्होंने पुलिसिंग के पारंपरिक ढांचे को आधुनिक बनाया और जनसंपर्क तथा सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में नई दिशा स्थापित की।
रिद्धिम अग्रवाल इससे पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), उधम सिंह नगर के रूप में कार्यरत रहीं…जहाँ उन्होंने महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन, साइबर अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन जैसे कई नवाचारपूर्ण अभियानों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। उनकी संवेदनशीलता और निर्णय क्षमता ने उन्हें दृढ़ लेकिन मानवीय पुलिस अधिकारी के रूप में स्थापित किया है।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल का यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है…बल्कि उत्तराखंड पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है। उनके नेतृत्व में कुमाऊँ रेंज में पुलिसिंग को अधिक तकनीकी, पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित बनाने की दिशा में कई सकारात्मक पहल की गई हैं।
इस अवसर पर रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए कर्तव्यनिष्ठा और जनता की सेवा के प्रति और अधिक समर्पण का प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने इसे पूरे उत्तराखंड पुलिस बल को समर्पित करते हुए कहा कि यह सफलता पूरा बल की मेहनत और सहयोग का परिणाम है।






