
Uttarakhand News: Haldwani: Gas: DM Nainital: जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति के बाद अपर जिला मजिस्ट्रेट ने एक नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब गैस एजेंसियों से सीधे सिलेंडर वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और तकनीकी कारणों से ऑनलाइन बुकिंग, DSC और OTP जनरेशन की प्रक्रिया में भारी फोन कॉल के कारण बाधा आ रही थी।
उपभोक्ता अपने परिजनों और वाहनों के साथ भारी संख्या में गैस एजेंसियों पर जमा हो रहे थे। भीड़ के कारण जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बन रही थी। एजेंसियों पर भीड़ जुटने से होम डिलीवरी सेवा में भी अनावश्यक देरी हो रही थी।
सीधे वितरण पर रोक: गैस एजेंसियों के गोदाम या ऑफिस से सीधे गैस सिलेंडर का वितरण तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
अनिवार्य होम डिलीवरी: सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ताओं को अनिवार्य रूप से ‘डोर-टू-डोर’ (Home Delivery) गैस सिलेंडर पहुंचाना सुनिश्चित करें।
बुकिंग के लिए राहत: जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग फोन, एसएमएस या ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी जा सकते हैं। वहां से सिलेंडर साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
जिला प्रशासन ने आम जनमानस से सहयोग की अपील की है ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। यह आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे नैनीताल जनपद में लागू हो गया है।






