
ColdWave : Uttarakhand : WinterWeather : Fog : Snow : Temperatures : उत्तराखंड में ठंड का असर लगातार बना हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम नजर आ रहे हैं। जनवरी के दूसरे सप्ताह में प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग ने कहा कि सुबह और रात के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस होगा….वहीं दिन में भी गर्म कपड़ों की जरूरत बनी रहेगी। मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है…जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की और ऊधमसिंह नगर जैसे क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान लगभग 2 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
पहाड़ी जिलों जैसे उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में सुबह का तापमान माइनस 3 से 1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में पाला जमने से ठंड और अधिक बढ़ सकती है।
दोपहर के समय मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, कुछ क्षेत्रों में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण तापमान ज्यादा नहीं बढ़ पाएगा। मैदानी इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 13 से 16 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा…जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में 6 से 10 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रहेगा।
ऊंचे इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बर्फबारी की संभावना भी है। शाम होते ही तापमान में एक बार फिर गिरावट आएगी। मैदानी इलाकों में रात का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा…जबकि पहाड़ी इलाकों में माइनस 4 से शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।
ठंडी हवाओं और बढ़ती नमी के कारण ठंड और चुभने वाली महसूस होगी। जिन इलाकों में पहले से पाला या बर्फ जमी हुई है, वहां सड़कों पर फिसलन बढ़ने से आवाजाही प्रभावित हो सकती है।






