
Haldwani News: SDM: Uttarakhand: हल्द्वानी में एसडीएम राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद अब तक नए उपजिलाधिकारी की नियुक्ति नहीं हो पाने से एसडीएम कार्यालय का न्यायिक कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात यह हैं कि कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई पूरी तरह रुकी हुई है, जिससे आम लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम कोर्ट में धारा 143 और 229-बी से जुड़े मामलों के साथ ही विवाह पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी लंबे समय से अटके हुए हैं। इस स्थिति से नाराज नगर निगम के पार्षद रवि जोशी ने एसडीएम कोर्ट परिसर में प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।
धरने के समर्थन में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से फोन पर बातचीत कर जल्द से जल्द नए एसडीएम की नियुक्ति की मांग रखी। विधायक ने कहा कि एसडीएम की तैनाती शासन स्तर पर होनी है, लेकिन अनावश्यक देरी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, हल्द्वानी में शीघ्र ही नए एसडीएम की तैनाती की जा सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि नियुक्ति होते ही न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों को फिर से रफ्तार मिलेगी और लोगों को राहत मिलेगी।






