Almora News

भारत-पाकिस्तान युद्ध का हिस्सा थे दादा, अब अल्मोड़ा निवासी प्रियंका बनीं सेना में लेफ्टिनेंट


Uttarakhand News: Almora News: Priyanka Rana: Indian Army: अल्मोड़ा जिले की सुदूरवर्ती ग्राम पंचायत रतखाल की होनहार बेटी प्रियंका राणा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पूरे क्षेत्र को गर्व से भर दिया है। उन्होंने मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (MNS) के तहत यह प्रतिष्ठित पद हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे गांव, ब्लॉक और जिले के लिए सम्मान की बात है।

Ad

प्रियंका का ताल्लुक एक सामान्य मध्यमवर्गीय परिवार से है। उनके पिता केशव सिंह राणा दिल्ली में कार्यरत हैं और माता नीलम राणा गृहिणी हैं। प्रियंका ने 2020 में द्वाराहाट स्थित यूनिवर्सल कॉन्वेंट स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उसी वर्ष उनका चयन मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में हुआ।

इसके बाद उन्होंने मुंबई स्थित इंडियन नेवल हॉस्पिटल कॉलेज ‘अश्विनी’ में चार साल तक बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। प्रशिक्षण और शिक्षा के इस कठिन सफर को पार करते हुए प्रियंका ने अब लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया है। वर्तमान में वह चंडीगढ़ स्थित कमांड हॉस्पिटल में अपनी सेवाएं देंगी।

प्रियंका रतखाल गांव की पहली बेटी हैं, जिन्होंने सेना में अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है। गौरतलब है कि उनका परिवार पहले से ही देशसेवा में अग्रणी रहा है। उनके दादा, स्वर्गीय दान सिंह राणा, 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्धों में शामिल रहे और 1971 में उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। फिलहाल उनके चाचा पूरन सिंह भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं।

प्रियंका अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों, अनुशासन और निरंतर मेहनत को देती हैं। उनका कहना है कि वह चाहती हैं कि उनकी यह उपलब्धि गांव की अन्य बेटियों के लिए एक प्रेरणा बने, ताकि वे भी बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करें।

To Top