Chamoli News

उत्तराखंड को दोनों बेटियों पर है गर्व, चमोली की प्रियंका और सोनम बनी सेना में सब लेफ्टिनेंट

Uttarakhand news: Chamoli news: देवभूमि कि बेटियां किसी से कम नही हैं और पहाड़ कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपने हुनर का लोहा मनवा रहीं हैं। राज्य कि बेटियां अपने सपने को पूरा करने के लिए हर चुनौतियों से लड़कर अपने सपनों की उड़ान भर रही हैं।  इतना ही नहीं राज्य की बेटियां आज सेना में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत है जो देश की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान तो दे ही रही है इसके साथ ही हजारों अन्य बेटियों को भी प्रेरित कर रही हैं। एक बार फिर बेटियों के परिश्रम ने देवभूमि का नाम रोशन किया है। आज हम आपको ऐसी ही दो होनहार बेटियों से रूबरू कराने जा रहे हैं जिनका चयन भारतीय सेना के नर्सिंग कोर में सब लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ हैं। हम बात कर रहे हैं चमोली जिले की रहने वाली प्रियंका रावत और सोनम कंडारी की। ( Priyanka Rawat and Sonam kandari were selected for sub lieutenenant in Indian Army )

प्रियंका रावत

बता दें चमोली जिले के नंदानगर विकासखंड के कुमजुग गांव निवासी प्रियंका रावत पुत्री लखपत सिंह रावत का चयन भारतीय सेना के नर्सिंग कोर में सब लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गुरु रामराय स्कूल नन्दानगर से उत्तीर्ण की। जिसके बाद उन्होंने कर्णप्रयाग और बालावाला से माध्यमिक के साथ ही राजकीय नर्सिंग कॉलेज टिहरी (सूरसिंहधार) से बीएससी नर्सिंग की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद प्रियंका नंदानगर में भेंटी गांव के स्वास्थ्य आरोग्य मंदिर केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) के पद पर तैनात थी। और अब उनका चयन भारतीय सेना में सब लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। प्रियंका के पिता लखपत सिंह रावत नंदा नगर में ही ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वहीं उनकी माता नीता देवी गृहणी है।

Join-WhatsApp-Group

सोनम कंडारी

वहीं चमोली जिले के नंदा नगर खलतरा गांव की सोनम कंडारी पुत्री मंगल सिंह कंडारी का भी चयन भारतीय सेना के नर्सिंग कोर में सब लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। सोनम कंडारी ने अपने गांव में ही प्राथमिक विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने नवोदय विद्यालय और गुरु राम राय स्कूल गोपेश्वर से माध्यमिक के साथ ही गुरु राम राय देहरादून से बीएससी नर्सिंग की परीक्षा उत्तीर्ण की। जिसके बाद CHO के पद पर उनकी तैनाती देहरादून डाक पत्थर में हुई थी। सोनम के पिता मंगल सिंह कंडारी सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं। वहीं उनकी माता विनीता देवी नंदा नगर के ही मटई गांव में ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। दोनों बेटियों की इस उपलब्धि पर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है।

प्रियंका और सोनम की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर हल्द्वानी लाइव की टीम की तरफ से उन्हें ढ़ेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।

To Top