
Weather Update India : IMD Forecast : Rain Alert : Western Disturbance : Delhi Weather : North India Weather : देशभर में ठंड भले कम हो गई हो…लेकिन मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 18 फरवरी यानि आज मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के बाद तापमान बढ़ने के भी संकेत हैं।
दिल्ली-एनसीआर में 18 फरवरी को दोपहर बाद हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है…जबकि राजस्थान के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
वहीं गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में 19 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।






