
Uttarakhand News: Weather: Rain: उत्तराखंड में रविवार सुबह से ही प्रदेश के मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे पूरे राज्य में ठंड का अहसास बढ़ गया है। पहाड़ों पर जहां बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, वहीं मैदानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है। बदरीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया है। पिथौरागढ़ की उच्च चोटियों ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है, जिससे सीमांत क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गोपेश्वर, रुद्रप्रयाग और श्रीनगर में रुक-रुक कर वर्षा दर्ज की गई है।
केवल पहाड़ ही नहीं, बल्कि राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में भी मौसम के कड़े तेवर देखने को मिले । नैनीताल और ऊधम सिंह नगर (बाजपुर) के कुछ क्षेत्रों में अचानक हुई ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रुड़की, ऋषिकेश, हल्द्वानी और मसूरी में हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं। कोटद्वार समेत अन्य इलाकों में बारिश के कारण तापमान लुढ़क गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं कुमाऊं में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। अधिकांश स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। पिथौरागढ़ की चोटियों पर बर्फबारी और नैनीताल में ओलावृष्टि के बाद अब अन्य मैदानी जिलों में भी वर्षा के प्रबल आसार बने हुए हैं।






