Uttarakhand News

उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी को लेकर अपडेट जारी

rain
Ad

Uttarakhand: Weather: Update: News: Rain: Alert: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 अप्रैल से 8 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा।


मौसम विभाग के मुताबिक 3 अप्रैल को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश के आसार हैं। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश दर्ज होने की संभावना है। उधम सिंह नगर में इस दिन मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है।


4 अप्रैल को पहाड़ी जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। मैदानी जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।


5 और 6 अप्रैल को पूरे राज्य में मौसम सक्रिय रहेगा। सभी जिलों में कहीं न कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर रहेगा।


7 अप्रैल को भी मौसम खराब बना रहेगा। खासकर पहाड़ी जिलों में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी और कई जगहों पर बारिश की संभावना है। वहीं 8 अप्रैल को भी प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।


मौसम विभाग ने बताया कि पहले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top