
Ration Card : Aadhaar Authentication : e-PoS Machine : One Nation One Ration Card : Public Distribution System : अब राशन कार्ड धारकों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। अगले महीने से जिले में आधार कार्ड के जरिए भी राशन मिल सकेगा। शासन की ओर से सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं और ई-पॉस मशीनों में आधार से वितरण का विकल्प जोड़ दिया गया है।
अक्सर ऐसा होता था कि राशन कार्ड खो जाने, नष्ट हो जाने या वितरण के समय साथ न होने पर पात्र लाभार्थी राशन से वंचित रह जाते थे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कार्ड धारक केवल आधार नंबर के जरिए भी अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे। इसका सबसे अधिक फायदा उन लोगों को होगा जो रोजी-रोटी के लिए घर से बाहर रहते हैं और मौके पर राशन कार्ड नहीं रख पाते।
शासन लगातार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। राशन कार्डों का डिजिटलीकरण किया गया है। घटतौली रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक तराजू लगाए गए हैं। फर्जीवाड़ा रोकने के लिए हस्ताक्षर की जगह ई-पॉस मशीन में अंगूठे से सत्यापन की व्यवस्था लागू की गई है। राशन कार्डों को आधार से लिंक कर कालाबाजारी पर भी अंकुश लगाया गया है।
आधार लिंकिंग के दौरान कई मृतक और आयकर रिटर्न भरने वाले अपात्र लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं। जनपद में राशन कार्ड की सभी यूनिटों की ई-केवाईसी की जा रही है…जिसमें लगभग 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। जिले में करीब 1132 कोटेदारों के माध्यम से 5,54,934 राशन कार्ड संचालित हैं।
एक ही कार्ड पर परिवार के सदस्य अलग-अलग ले सकेंगे राशन
वन नेशन वन राशन कार्ड व्यवस्था के तहत अब परिवार की अलग-अलग यूनिटें दो बार में, अलग-अलग स्थानों से राशन ले सकेंगी। पहले एक ही स्थान पर एक बार में पूरा राशन लेना अनिवार्य था। इससे बाहर काम कर रहे लोगों को दिक्कत होती थी और कई बार उन्हें बाजार से राशन खरीदना पड़ता था।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने कहा कि अगले माह से आधार आधारित वितरण पूरी तरह लागू हो जाएगा। इससे पात्र लाभार्थियों को अधिक सुविधा मिलेगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।






