Sports News

रोहित-विराट का ग्रेड डाउन, क्या मोहम्मद शमी का करियर खत्म ?

Ad

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2025-26 सत्र के लिए सीनियर पुरुष और महिला खिलाड़ियों के वार्षिक केंद्रीय अनुबंधों का ऐलान कर दिया है। इस बार की सूची में कई चौंकाने वाले फैसले देखने को मिले हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह रहा कि दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली को टॉप कैटेगरी से बाहर कर ग्रेड-बी में रखा गया है।

रोहित शर्मा और विराट कोहली की कैटेगरी में बदलाव की खबर आते ही कोहली और रोहित के फैंस ने सोशल मीडिया पर इसका विरोध दर्ज कराया है। मगर बीसीसीआई के नियम के अनुसार अगर कोई खिलाड़ी सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलता है तो वह ‘A ग्रेड’ में नहीं रह सकता।

बीसीसीआई ने इस सीजन से पुरुषों के लिए ए+ ग्रेड को पूरी तरह खत्म कर दिया है, जिसके चलते रोहित और विराट जैसे सीनियर खिलाड़ियों की रैंकिंग में गिरावट देखने को मिली।

ग्रेड-A में गिल, बुमराह और जडेजा को मिली जगह

पुरुष क्रिकेट में ग्रेड-A में तीन खिलाड़ियों को जगह दी गई है। इनमें टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा शामिल हैं। ये तीनों खिलाड़ी दो-दो प्रारूपों में भारत की अहम कड़ी बने हुए हैं।

महिला क्रिकेट में भी चार खिलाड़ियों को ग्रेड-A का दर्जा मिला है। कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को शीर्ष ग्रेड में शामिल किया गया है।

ग्रेड-B में सितारों की भीड़, रोहित-विराट यहीं पहुंचे

ग्रेड-B में इस बार 11 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ियों को रखा गया है। पुरुषों में रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, मोहम्मद सिराज, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल, कुलदीप यादव, श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर शामिल हैं।

महिला खिलाड़ियों में रेणुका सिंह ठाकुर, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, स्नेह राणा, राधा यादव, अमनजोत कौर, प्रतिका रावल, क्रांति गौड़, उमा छेत्री और अरुंधति रेड्डी को ग्रेड-B में जगह मिली है।

ग्रेड-C में युवा ताकत, भविष्य की झलक

ग्रेड-C में 15 पुरुष और 7 महिला खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। पुरुषों में अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा, साई सुदर्शन और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे नाम शामिल हैं।

महिला वर्ग में यास्तिका भाटिया, हरलीन देओल, काश्वी गौतम, श्री चरणी, जी कमालिनी, वैष्णवी शर्मा और तेजल हसबनीस को ग्रेड-C में रखा गया है।

कई बड़े नाम बाहर

बीसीसीआई ने पुरुषों की अनुबंध प्रणाली को चार स्तरों से घटाकर तीन स्तरों की कर दिया है, ताकि इसे महिला खिलाड़ियों की संरचना के समान बनाया जा सके। इस सीजन में साई सुदर्शन एकमात्र नया चेहरा हैं, जिन्हें पहली बार केंद्रीय अनुबंध मिला है।

वहीं, सरफराज खान, मोहम्मद शमी, ईशान किशन, रजत पाटीदार और मुकेश कुमार जैसे खिलाड़ी इस बार अनुबंध सूची से बाहर रह गए हैं, जो चयन नीति में सख्ती और प्रदर्शन आधारित दृष्टिकोण को दर्शाता है।

मोहम्मद शमी का जगह ना बना पाना यह साफ संकेत देता है कि टीम इंडिया की “स्कीम ऑफ थिंग्स ” में मोहम्मद शमी कहीं भी दूर-दूर तक नहीं है, ऐसे में अटकलें लग रही है कि क्या शमी का इंटरनेशनल कैरियर पूरा हो चुका है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top