Rubi Bhatnagar Haldwani: Rubi Bhatnagar Honoured:

महिला सशक्तिकरण और सम्मान यह अभियान अब साकार होता दिखाई दे रहा है। पूरे देश में लाखों-करोड़ों महिलाओं को मिल रहा रोजगार एवं स्वरोजगार यह साबित करता है कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। जी हाँ, उत्तराखंड में भी महिलाओं का हो रहा उत्थान एवं महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी भी आज किसी से छिपी नहीं है। आज महिलाएं जितनी सशक्त हो रही हैं उतना ही उनका सम्मान भी हो रहा है। हल्द्वानी की रूबी भटनागर को भी सम्मानित करने के लिए भारत सरकार की तरफ से 26 जनवरी के दिन अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
राष्ट्रीय पुरुस्कार से हो चुकी हैं सम्मानित
भारत सरकार के कौशल एवं उद्यमिता विकास मंत्रालय, एनएसडीसी एवं निस्बड की ओर से हल्द्वानी की रूबी भटनागर को आमंत्रित किया गया है। कर्तव्य पथ पर परेड देखने के लिए हल्द्वानी की रूबी भटनागर को अतिथि के रूप में आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया है। बता दें कि रूबी हस्तशिल्प एवं हथकरघा के क्षेत्र में काम कर रही हैं। रूबी अपने साथ हजारों अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ने का काम कर चुकी हैं। इसके लिए उन्हें वर्ष 2021 में भारत सरकार के कौशल एवं उद्यमिता विकास मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है।
रूबी जैसी महिलाओं की पूरे देश को है जरूरत
बता दें कि रूबी की तरह देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुछ विशिष्ट लोगों को ही अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। रूबी को मिला यह अवसर पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। साथ ही यह सम्मान महिलाओं की भागीदारी और बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन से कम नहीं है। केवल हमारे राज्य को ही नहीं बल्कि पूरे देश को रूबी जैसी महिलाओं की जरुरत है। जो अन्य महिलाओं को भी सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से जोड़ सकें। ताकि महिलाएं भी अपने समय और कौशल का उपयोग कर के अपना और अपने परिवार का जीवन सुधार सकें।
