Nainital-Haldwani News

अल्मोड़ा: कमाल है ना… मां पुलिस में और SDM सौम्या ने क्लियर किया UPSC

Ad

Uttarakhand: Soumya Garbiyal: UPSC: नैनीताल जिले के भीमताल में रहने वाली सौम्या गर्ब्याल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 822 हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, भीमताल के साथ-साथ उनके पैतृक क्षेत्र पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में खुशी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग इस उपलब्धि को पहाड़ की बेटियों की बढ़ती सफलता का प्रतीक मान रहे हैं।

सौम्या गर्ब्याल मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र के गर्ब्यांग गांव की रहने वाली हैं। फिलहाल उनका परिवार नैनीताल जिले के भीमताल में निवास करता है। उनकी माता बीना गर्ब्याल नैनीताल के अभिसूचना विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार में शिक्षा और अनुशासन को हमेशा महत्व दिया गया, जिसने सौम्या को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इससे पहले भी सौम्या अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में 10वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उन्हें प्रशासनिक सेवा में जिम्मेदारी मिली और वर्तमान में वे अल्मोड़ा जिले की भनौली, जैती और लमगड़ा तहसीलों में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में कार्यरत हैं।

खास बात यह है कि सौम्या ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ ही UPSC की तैयारी जारी रखी। उनकी माता बीना गर्ब्याल के अनुसार, उन्होंने ड्यूटी के बीच समय निकालकर पढ़ाई की और कड़ी मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की।

सौम्या की इस उपलब्धि से भीमताल और धारचूला क्षेत्र में गर्व का माहौल है। लोगों का मानना है कि उनकी सफलता पहाड़ के युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आने वाली पीढ़ी को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए उत्साहित करेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top