
बर्मिंघम: भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने शानदार दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया। गिल ने पहली पारी में 269 रनों की लंबी और यादगार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 387 गेंदों का सामना करते हुए 30 चौके और 3 छक्के जड़े।
गिल इस सीरीज में जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक तीन पारियों में 424 रन बना लिए हैं। इससे पहले लीड्स टेस्ट में उन्होंने 147 रन की पारी खेली थी। गिल की इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने पहली पारी में 587 रन बनाए।
उनके अलावा यशस्वी जायसवाल और रवींद्र जडेजा ने भी उपयोगी अर्धशतक जमाए। गिल और जडेजा ने मिलकर छठे विकेट के लिए 203 रन की साझेदारी की…जिसके बाद गिल ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ पारी को और आगे बढ़ाया और अपने करियर का पहला दोहरा शतक पूरा किया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 3 विकेट पर 77 रन बनाए हैं और वह अभी भी भारत से 510 रन पीछे चल रहा है।
गिल के दोहरे शतक से बने कई बड़े रिकॉर्ड….
1 –शुभमन गिल अब टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 250+ रन बनाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली ने 254 रन बनाए थे।
2 – वह इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं।
3 – गिल भारत के सबसे युवा टेस्ट कप्तानों में से हैं जिन्होंने दोहरा शतक जड़ा है। उन्होंने ये कारनामा 25 साल 298 दिन की उम्र में किया। उनसे पहले मंसूर अली खान पटौदी ने 23 साल की उम्र में दोहरा शतक बनाया था।
4 – विदेशी ज़मीन पर 250+ टेस्ट रन बनाने वाले गिल भारत के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग (309) और राहुल द्रविड़ (270) ने ये उपलब्धि हासिल की थी।
5 – गिल इंग्लैंड में टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने सुनील गावस्कर के 221 रनों का रिकॉर्ड तोड़ा।
6 – शुभमन गिल अब सेना देशों (इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका) में दोहरा शतक लगाने वाले पहले एशियाई कप्तान बन गए हैं।
7 – एजबेस्टन मैदान पर यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है।
8 – भारत ने इस मैच में इंग्लैंड की सरज़मीं पर अपना चौथा सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर खड़ा किया है।

