
Dehradun Weather | Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों दो अलग-अलग रूपों में नजर आ रहा है। जहां मैदानी इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है और तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है…वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में अब भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
राजधानी देहरादून में सुबह से ही साफ आसमान के साथ चटख धूप देखने को मिली…जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, दोपहर बाद आंशिक बादल छाने लगे और हल्की हवाओं ने मौसम को थोड़ा सुहावना बना दिया। वहीं पहाड़ी जिलों में दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौनी जारी रही। कई जगहों पर मध्यम गति की हवाएं चलने से ठंडक बनी हुई है और तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
Uttarakhand Weather Update: मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम अस्थिर रह सकता है। खासकर 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कुछ जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
मैदानी इलाकों की बात करें तो यहां फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। देहरादून में भी अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादलों के बीच धूप खिलने का अनुमान है…जबकि पहाड़ों में मौसम का मिजाज लगातार बदलता रह सकता है।
तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
देहरादून: अधिकतम 27.5 – न्यूनतम 12.6
ऊधमसिंह नगर: अधिकतम 28.0 – न्यूनतम 13.2
मुक्तेश्वर: अधिकतम 18.2 – न्यूनतम 4.6
नई टिहरी: अधिकतम 18.6 – न्यूनतम 6.2
फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है…जहां अचानक मौसम बदलने की संभावना बनी हुई है।






