
Uttarakhand News: Roadways: Bus: Khatima: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में बुधवार शाम नेशनल हाईवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खटीमा से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। इस घटना में बस चालक घायल हो गया, जबकि करीब 40 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, टनकपुर निवासी चालक शारदा शंकर खटीमा डिपो की बस लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। शाम करीब चार बजे गदरपुर के पास दो बाइक सवार युवकों ने बस को ओवरटेक कर चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच हमलावरों के 6 से 8 अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बस को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में बस के शीशे टूट गए और चालक शारदा शंकर घायल हो गए। बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और माहौल दहशत भरा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने साहस दिखाया और बस को तेज गति से निकालते हुए सीधे दोराहा पुलिस चौकी पहुंचा दिया, जहां बस को सुरक्षित खड़ा किया । सीओ विभव सैनी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया, लेकिन इस घटना ने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






