
Uttarakhand News: Champawat: BSF:सीमांत क्षेत्र के पशुपालकों के लिए आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) और पशुपालन विभाग के बीच हुए समझौते (एमओयू) के तहत स्थानीय पशुपालकों ने आईटीबीपी को 1183 किलोग्राम जीवित बकरियों की सफल सप्लाई की, जिससे उन्हें कुल 3,54,900 रुपये की शुद्ध आमदनी प्राप्त हुई।
प्रशासन के अनुसार, पूरी सप्लाई प्रक्रिया को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। बकरियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु पशुपालन विभाग के डॉ. दीपक तथा आईटीबीपी के सेकेंड-इन-कमांड डॉ. सूबे सिंह मौके पर मौजूद रहे और प्रत्येक पशु की बारीकी से जांच की गई।
तौल और गुणवत्ता की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए लाइन कमेटी के सदस्यों के साथ आईटीबीपी की विजिलेंस टीम भी तैनात रही, जिनकी निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि इस प्रकार के एमओयू से स्थानीय पशुपालकों को अपने उत्पाद का उचित और लाभकारी मूल्य सीधे प्राप्त हो रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।






