Uttarakhand News

उत्तराखंड क्रिकेट टीम रणजी ट्रॉफी का क्वार्टर फाइनल खेलेगी

Ad

Uttarakhand News: Cricket: Ranji Trophy: Mayank Mishra: रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सीजन उत्तराखंड क्रिकेट के लिए सफलता और नई उम्मीदें लेकर आया है। इलीट ग्रुप सी के आखिरी मुकाबले में असम को एक पारी और 42 रन से करारी शिकस्त देकर उत्तराखंड की टीम ने न सिर्फ बोनस अंक हासिल किया, बल्कि प्वाइंट टेबल में दूसरा स्थान पक्का करते हुए क्वार्टर फाइनल में भी प्रवेश कर लिया।

उत्तराखंड ने इस मुकाबले में हर विभाग में दमदार प्रदर्शन किया। अभिमन्यु क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड ने 460 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान कुणाल चंदेला ने शानदार दोहरा शतक लगाते हुए 207 रन की यादगार पारी खेली और विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

गेंदबाजों का भी जलवा

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी असम की टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। पहली पारी में असम की पूरी टीम महज 140 रन पर सिमट गई। मयंक मिश्रा और आदित्य रावत ने पहली पारी में 3-3 विकेट झटके। फॉलोऑन के बाद दूसरी पारी में भी असम की बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 278 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में मयंक मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए।

लीग स्टेज में दमदार सफर

उत्तराखंड ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कुल 7 लीग मुकाबले खेले, जिनमें से 4 में जीत दर्ज की, 2 में हार मिली और 1 मुकाबला ड्रॉ रहा। टीम ने सर्विसेज, हरियाणा, त्रिपुरा और असम को हराया, जबकि बंगाल और गुजरात के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। रेलवे के खिलाफ मैच ड्रॉ रहा, जिसमें उत्तराखंड को पहली पारी की बढ़त के आधार पर 3 अंक मिले। कुल 29 अंकों के साथ उत्तराखंड ने इलीट ग्रुप सी में दूसरा स्थान हासिल किया। बंगाल द्वारा हरियाणा को हराए जाने से उत्तराखंड का क्वार्टर फाइनल का रास्ता और आसान हो गया।

चौथी बार नॉकआउट में पहुंची उत्तराखंड

गौरतलब है कि उत्तराखंड की टीम 2018 से रणजी ट्रॉफी खेल रही है और यह चौथी बार है जब टीम ने नॉकआउट चरण में जगह बनाई है। लगातार बेहतर होते प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि उत्तराखंड अब घरेलू क्रिकेट में एक मजबूत दावेदार बन चुका है। अब सभी की निगाहें क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर टिकी होंगी, जहां उत्तराखंड की टीम अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए इतिहास रचने की कोशिश करेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top