
Nainital : WeatherUpdate : Rainfall : Snowfall : ColdWave : HimalayanRegion : TourismNews : UttarakhandWeather : नैनीताल में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। शहर में इस सीजन की पहली बारिश शुरू हो गई…जबकि तेज हवाओं के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों हिमालय दर्शन, नयना पीक और स्नोव्यू इलाके में हिमकण गिरने लगे। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पूरे शहर में शीतलहर का असर महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग की ओर से पहले ही ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था। शुक्रवार सुबह नैनीताल में हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही, हालांकि सर्द हवाएं लगातार चलती रहीं। दोपहर होते-होते पहले बूंदाबांदी शुरू हुई और इसके बाद हिमालय दर्शन क्षेत्र से लेकर मल्लीताल तक कुछ क्षणों के लिए बर्फ के फाहे भी गिरे…जो तेज हवा के कारण जल्दी ही थम गए।
वीकेंड पर नैनीताल पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की उम्मीद है। फिलहाल तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी से मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे ठंड में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
इधर, कुमाऊं मंडल के मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार को चटख धूप खिली रही थी। अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार से मौसम के बदले मिजाज के चलते तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है।






