
Road Safety Alert : Construction Negligence : Open Pits, Public Safety : Uttarakhand Alert : दिल्ली के जनकपुरी इलाके में खुले गड्ढे में बाइक गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत का मामला सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं है…बल्कि यह पूरे देश, खासकर उत्तराखंड के लिए गंभीर चेतावनी है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी किस तरह आम लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है यह हादसा उसका ताजा उदाहरण है।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय कमल, निवासी रोहिणी सेक्टर-10 दिल्ली, एचडीएफसी बैंक के कॉल सेंटर में कार्यरत था। देर रात बाइक से घर लौट रहा था तभी निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे और खुले गड्ढे में उसकी बाइक गिर गई। अंधेरा होने और मौके पर चेतावनी संकेत या बैरिकेडिंग न होने के कारण यह हादसा हुआ। कई घंटों बाद सुबह युवक का शव गड्ढे से बरामद किया गया। परिजनों ने पुलिस और संबंधित विभागों पर समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
उत्तराखंड के शहरी और ग्रामीण इलाकों में इन दिनों सड़क चौड़ीकरण, सीवर लाइन, जल जीवन मिशन और अन्य विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। कई जगह सड़कों पर गहरे गड्ढे खोद दिए जाते हैं…लेकिन न तो पर्याप्त बैरिकेड लगाए जाते हैं और न ही रात के समय रिफ्लेक्टर, संकेतक या लाइट की व्यवस्था होती है। इससे दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और बुजुर्गों के लिए खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
राज्य में पूर्व में भी निर्माणाधीन सड़कों और खुले गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कई मामलों में लोग घायल हुए..तो कहीं जान तक चली गई। इसके बावजूद लापरवाह ठेकेदारों और जिम्मेदार विभागों पर सख्त कार्रवाई न होना सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले और उसके दौरान सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए। खुले गड्ढों को तुरंत ढकने, बैरिकेडिंग करने और रात में चेतावनी लाइट लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।






