
Corbett Tiger Reserve : Mobile Ban Safari : Wildlife Protection India : Supreme Court Order : UttarakhandTourism : वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगल के प्राकृतिक माहौल को मानवीय हस्तक्षेप से बचाने के लिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बड़ा फैसला लागू किया गया है। अब सभी पर्यटन जोनों में सफारी के दौरान पर्यटक मोबाइल फोन साथ नहीं ले जा सकेंगे। यह व्यवस्था सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के अनुपालन में लागू की गई है।
पार्क प्रशासन के अनुसार जंगल सफारी के दौरान स्मार्टफोन के उपयोग से शोर, फ्लैश और डिजिटल गतिविधियों का असर वन्यजीवों के व्यवहार पर पड़ता है। इसी को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि पर्यटकों को डीएसएलआर या अन्य स्टिल कैमरे ले जाने की अनुमति रहेगी…लेकिन मोबाइल से फोटो या वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा।
पार्क वार्डन अमित ग्वासाकोटी ने कहा कि डे-सफारी पर जाने वाले पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर ही अपने मोबाइल जमा कराने होंगे। नाइट स्टे करने वाले पर्यटकों के फोन जिप्सी में बने विशेष बॉक्स में रखे जाएंगे…जो गाइड और चालक की निगरानी में रहेगा। रेस्ट हाउस पहुंचने पर फोन लौटा दिए जाएंगे…लेकिन उनका उपयोग केवल आवास परिसर के भीतर ही किया जा सकेगा।
नियमों का उल्लंघन करने पर मोबाइल जब्त करने के साथ संबंधित गाइड और चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने पर्यटकों से नियमों का पालन करने की अपील की है…ताकि वन्यजीव संरक्षण के प्रयास सफल हो सकें।






