
Uttarakhand: News: Weather: Rain:उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। जहां मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है, वहीं पर्वतीय जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई पहाड़ी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के पहाड़ी जिलों में 15 मार्च तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
11 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं इन जिलों के 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को खास तौर पर पिथौरागढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा 14 और 15 मार्च को राज्य के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से बर्फबारी हो सकती है।
वहीं मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते लोगों को गर्मी और हल्की उमस का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने पहाड़ों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी लेना जरूरी बताया गया है।
फिलहाल मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद एक बार फिर उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना है, जिसका असर आने वाले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है।






