
Uttarakhand News: Weather: नवरात्र के पहले दिन उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार सुबह से ही पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मसूरी, हल्द्वानी, नैनीताल, बागेश्वर और कोटद्वार समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है और ठंड का एहसास बढ़ गया है। खासकर बागेश्वर जिले में सुबह से हो रही बूंदाबांदी के कारण लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। तड़के तीन बजे से आसमान में बादल छाए रहे और सुबह करीब छह बजे से हल्की बारिश शुरू हो गई, जो रुक-रुक कर जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। विभाग ने हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवाएं, ओलावृष्टि और बिजली गिरने के आसार हैं। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में आए इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।






