
Rajasthan Excise Policy : Rajasthan Liquor Shop Timing : Rajasthan Excise Department : Rajasthan Liquor News : Jaipur Liquor Shop Protest : राजस्थान में शराब की दुकानों के समय में बढ़ोतरी को लेकर बड़ा फैसला फिलहाल टाल दिया गया है। राज्य सरकार इस पर अंतिम निर्णय विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद लेगी। माना जा रहा है कि दुकानों के बंद होने का समय रात 8 बजे से बढ़ाकर 9 या 10 बजे तक किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार इस संबंध में अंदरूनी स्तर पर तैयारियां चल रही हैं, लेकिन राजनीतिक विवाद से बचने के लिए अभी कोई घोषणा नहीं की गई है। कुछ विधायकों ने भी शराब दुकानों के समय में बढ़ोतरी की सिफारिश की है।
वहीं राजस्थान लिकर वेलफेयर सोसायटी ने नई आबकारी नीति के विरोध में जयपुर में शराब की दुकानें बंद रखने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था से कारोबारियों को नुकसान हो रहा है और पुलिस द्वारा समय से पहले दुकानें बंद कराना उचित नहीं है। उनका दावा है कि समय बढ़ाने से कारोबार स्थिर होगा और अवैध बिक्री पर रोक लगेगी।
सरकार ने नई आबकारी नीति में दुकानों के संचालन समय को लेकर अधिकार आबकारी आयुक्त को दिया है। बताया जा रहा है कि सुबह दुकान खोलने के समय में भी एक घंटे की राहत दी जा सकती है…जिससे राजस्व बढ़ाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में शराब दुकानों का समय सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक तय किया गया था। इससे पहले दुकानें सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक खुलती थीं। उस समय सरकार ने अपराध और सड़क दुर्घटनाएं कम करने के उद्देश्य से समय घटाया था।
अब तर्क दिया जा रहा है कि पड़ोसी राज्यों में शराब की दुकानें अधिक समय तक खुलती हैं। मध्यप्रदेश में रात 11:30 बजे, दिल्ली में 11 बजे हरियाणा और चंडीगढ़ के कई क्षेत्रों में 12 बजे तक और उत्तर प्रदेश में 10 बजे तक दुकानें खुली रहती हैं। प्रदेश में करीब 7665 शराब की दुकानें संचालित हैं, जिनमें 350 दुकानें जयपुर में हैं।
सरकार का मानना है कि समय बढ़ाने से राजस्व में वृद्धि हो सकती है और अवैध बिक्री पर भी रोक लग सकती है। हालांकि अंतिम फैसला विधानसभा सत्र के बाद ही लिया जाएगा।






