
Nainital gas shortage | Indane cylinder backlog | Haldwani gas crisis | LPG delivery rule | Uttarakhand news : नैनीताल जिले में रसोई गैस की भारी किल्लत के बीच प्रशासन ने इंडेन गैस वितरण को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब डिलीवरी वाहनों में जितने गैस सिलिंडर होंगे…उतनी ही नाम वाली पर्चियां भी साथ भेजी जाएंगी। इसका सीधा मतलब है कि जिस उपभोक्ता ने पहले बुकिंग कराई है उसी को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर मिलेगा।
जिले में करीब 3.50 लाख उपभोक्ता हैं, जिन्हें 16 से अधिक एजेंसियों के जरिए गैस उपलब्ध कराई जाती है। बावजूद इसके मौजूदा समय में गैस का बैकलॉग लगभग 25 हजार तक पहुंच गया है। अकेले हल्द्वानी के सरस मार्केट स्थित इंडेन एजेंसी में ही एक दिन का बैकलॉग करीब 7 हजार बताया जा रहा है।
10–20 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर, लोगों में नाराज़गी
गैस उपभोक्ताओं को 10 से 20 दिन तक इंतजार करने के बावजूद सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में लोग एजेंसियों और सड़कों पर गैस गाड़ियों का इंतजार करते नजर आए। नीलियम कॉलोनी समेत कई इलाकों में लोग घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन गैस नहीं पहुंची। उपभोक्ताओं का आरोप है कि होम डिलीवरी से जुड़े ठेकेदार के कर्मचारी मनमाने तरीके से सिलिंडर वितरण कर रहे हैं।
तत्काल बुकिंग से बढ़ रहा बैकलॉग
स्थिति को और बिगाड़ने वाली एक बड़ी वजह यह भी सामने आई है कि लोग सिलिंडर मिलते ही तुरंत अगली बुकिंग करा दे रहे हैं। इससे बैकलॉग कम होने के बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन ने इस पर सख्ती दिखाते हुए एजेंसियों को फर्स्ट इन–फर्स्ट आउट (FIFO) नियम के तहत ही वितरण करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का दावा—सख्ती से लागू होंगे नए नियम
एडीएम नैनीताल विवेक राय ने कहा कि अब एजेंसियों को सख्ती से निर्देश दिए गए हैं कि बिना पर्ची के कोई सिलिंडर नहीं दिया जाएगा। नई व्यवस्था से पारदर्शिता आएगी और मनमानी पर रोक लगेगी।
वहीं जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मा ने कहा कि अवकाश के बावजूद इंडेन, भारत और एचपी कंपनियों के सिलिंडर वितरित किए गए। हाल ही में एक दिन में 7680 घरेलू, 270 कॉमर्शियल और 78 छोटे (5 किलो) सिलिंडरों की आपूर्ति की गई।
प्रदर्शन के बाद भी नहीं पहुंची गैस
हल्द्वानी के बिठौरिया स्थित देवकी विहार कॉलोनी में लोगों को 20 दिन बाद भी गैस नहीं मिली। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया…लेकिन समस्या जस की तस. बनी हुई है। अब क्षेत्र के लोग बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।
आज इन क्षेत्रों में होगी गैस वितरण
प्रशासन के अनुसार आज भगवानपुर, सरस्वती विहार, राधा विहार, कठघरिया, हिम्मतपुर मल्ला-तल्ला, अंबेडकरनगर, पनियाली, जीतपुर नेगी, लामाचौड़, हल्दूचौड़, काठगोदाम, हैड़ाखान, आवास विकास, रानीबाग, रामपुर रोड, नवाबी रोड और नैनीताल रोड समेत कई इलाकों में गैस वितरण किया जाएगा।






