
PM Modi Dehradun Visit : Mahindra Ground Rally : Delhi-Dehradun Expressway : Uttarakhand Politics : Pushkar Singh Dhami : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हालांकि अभी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं हुई है॥ लेकिन प्रशासन और संगठन स्तर पर कार्यक्रम की रूपरेखा लगभग तय मानी जा रही है। इस बार खास बात यह है कि कैंट क्षेत्र स्थित महिंद्रा ग्राउंड पहली बार प्रधानमंत्री की बड़ी जनसभा का गवाह बनने जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह दौरा अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है….जिसे राज्य की राजनीति और विकास योजनाओं के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे हो चुके हैं….ऐसे में प्रधानमंत्री का आगमन राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण संकेत दे सकता है।
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रधानमंत्री मोदी से हुई मुलाकात के बाद इस दौरे को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में राज्य की विकास योजनाओं और प्रस्तावित कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री के इस दौरे की एक बड़ी खासियत दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का संभावित उद्घाटन भी हो सकता है। लंबे समय से इस परियोजना के लोकार्पण का इंतजार किया जा रहा था। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी….यात्रा समय कम होगा और पर्यटन व व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री के जीटीसी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा आशारोड़ी से कैंट क्षेत्र तक सड़क मार्ग से यात्रा की भी चर्चा है….जिससे आम लोगों को उन्हें करीब से देखने का अवसर मिल सकता है। इसके बाद महिंद्रा ग्राउंड में आयोजित जनसभा में वे बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित करेंगे।
जनसभा को लेकर भारतीय जनता पार्टी भी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं….ताकि कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भले ही तारीख तय नहीं हुई है….लेकिन कार्यक्रम अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है और यह दौरा राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। कैंट क्षेत्र और महिंद्रा ग्राउंड के आसपास व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की जा रही है।






