
Honorarium Hike : Anganwadi Workers : ASHA Workers : Bhojan Mata : State Government Proposal : Women & Child Development : प्रदेश की लाखों महिलाओं से जुड़ी जमीनी कार्यकर्ता श्रेणियों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में बढ़ोतरी की तैयारी कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य तथा महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेज चुके हैं।
हाल ही में छत्तीसगढ़ में आयोजित मध्य क्षेत्र परिषद की बैठक में भी राज्य सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने का मुद्दा उठाया गया। लंबे समय से मानदेय वृद्धि की मांग कर रहीं इन कार्यकर्ताओं के लिए यह एक अहम कदम माना जा रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता: 40 हजार से अधिक महिलाओं को मिल सकता है लाभ
प्रदेश में 40 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं कार्यरत हैं। वर्तमान में उन्हें केंद्र सरकार की ओर से 4500 रुपये और राज्य सरकार की ओर से 4800 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।
सरकार अब इस राशि को बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इसके लिए प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है…जो पूरे विषय का अध्ययन कर रही है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशीलाल राणा के अनुसार विभाग अपनी विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंप चुका है। इसमें यह भी बताया गया है कि अन्य राज्यों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कितना मानदेय दिया जा रहा है।
भोजन माताएं: स्कूलों की रसोई से जुड़ी 24 हजार महिलाएं
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश में करीब 24 हजार भोजन माताएं कार्यरत हैं। ये महिलाएं पीएम पोषण योजना (मिड-डे मील) के तहत स्कूली बच्चों के लिए भोजन तैयार करती हैं। वर्तमान में उन्हें कुल 3000 रुपये मानदेय मिलता है। इसमें 900 रुपये केंद्र सरकार और 100 रुपये राज्यांश के रूप में शामिल हैं…जबकि अतिरिक्त 2000 रुपये राज्य सरकार अलग से देती है। विभाग ने इनके मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया है।
आशा कार्यकर्ता भी होंगी शामिल
स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को भी इस प्रस्ताव में शामिल किया गया है। प्रदेश में लगभग 12 हजार आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं…जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं।
अधिकारियों ने कहा कि सरकार तीनों श्रेणियों आंगनबाड़ी, भोजन माताएं और आशा कार्यकर्ता के मानदेय में समग्र रूप से वृद्धि पर विचार कर रही है।






