

देहरादून: उपनल कर्मचारियों के लिए खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की संस्तुति मिलने के बाद उत्तराखंड में उपनल के माध्यम से प्रायोजित कार्मिकों के नियत मानदेय में वृद्धि का शासनादेश जारी कर दिया गया है। उपनल कार्मिको के मानदेय में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि तक बढ़ाया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उपनल कार्मिक के मानदेय में वृद्धि के लिये लम्बे समय से मांग कर रहे थे। कार्मिकों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए मानदेय में वृद्धि की गई है। इससे हजारो उपनल कर्मियों को लाभ होगा।प्रदेश में इस समय उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) के माध्यम से 20 हजार से अधिक कर्मी आउटसोर्सिग व्यवस्था के अनुसार विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कुछ दिन पहले भी शासन ने उपनल कर्मियों को लेकर अहम आदेश जारी किया था। जिसके तहत प्रदेश के विभिन्न विभागों में तैनात उपनल कर्मी अब बिना कारण विभागों से नहीं हटाए जाएंगे। जिन विभागों ने उपनल कर्मियों को बिना कारण पहले हटाया था, वे भी एक माह के भीतर इन्हें वापस रखेंगे। हालांकि, अकुशल, अनुशासनहीन और अयोग्य कर्मियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा।







