Haldwani News: Dr Manmohan Singh: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, देशभर में शोक की लहर
26 दिसंबर की रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में देश के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह का निधन हो गया। उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
राष्ट्रीय शोक और सरकारी आदेश
डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर पूरे देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। वहीं, कई राज्यों की सरकारों ने इस दुखद घटना के मद्देनजर स्कूल और कॉलेज बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
मनमोहन सिंह का प्रधानमंत्री पद का कार्यकाल
डॉ. मनमोहन सिंह दस वर्षों तक देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके प्रधानमंत्री पद के कार्यकाल में देश में कई महत्वपूर्ण आर्थिक सुधार और बदलाव हुए थे। उनके नेतृत्व में भारत ने अमेरिका के साथ परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर किए, जो उनके शासन के प्रमुख फैसलों में से एक था। इस डील को लेकर मनमोहन सिंह ने अपनी ही सरकार के गठबंधन के घटक दलों के खिलाफ जाकर यह फैसला लिया था।
मनमोहन सिंह का प्रारंभिक जीवन
डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत के गाह गांव (जो अब पाकिस्तान में है) में हुआ था। उनका संबंध उत्तराखंड के हल्द्वानी से भी था, जहां उन्होंने अपने बचपन के तीन साल बिताए। हल्द्वानी स्थित मोती राम बाबू राम इंटर कॉलेज से उन्होंने कक्षा छह से आठवीं तक की पढ़ाई की थी। यह कॉलेज हल्द्वानी का सबसे पुराना इंटर कॉलेज है, जिसकी स्थापना 13 अक्टूबर 1908 को हुई थी। उन्होंने साल 1948 में पंजाब में अपनी मैट्रिक की पढ़ाई पूरी की। उनका शैक्षणिक करियर उन्हें पंजाब से कई जगह होते हुए ब्रिटेन के कैंब्रिज तक ले गया, जहां उन्होंने 1957 में अर्थशास्त्र में प्रथम श्रेणी में ऑनर्स की डिग्री हासिल की. डॉ सिंह ने इसके बाद 1962 में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के नाफील्ड कॉलेज से अर्थशास्त्र में ‘डी फिल’ की उपाधि प्राप्त की।
हल्द्वानी में उनके बचपन की यादें
मनमोहन सिंह ने एक बार यह भी बताया था कि उनके पिता पंजाब नेशनल बैंक में क्लर्क थे उन्होंने अपनी धुंधली यादों में यह भी बताया कि वे दिवंगत कांग्रेस नेता सरदार जय सिंह के घर में किराए पर रहे थे। सरदार जय सिंह का पुराना मकान हल्द्वानी के भोटिया पड़ाव इलाके में स्थित था।
एमबी इंटर कॉलेज से मिला सम्मान
जब मनमोहन सिंह नैनीताल में कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में आए थे, तो उन्हें उनके पुराने स्कूल एमबी इंटर कॉलेज हल्द्वानी की ओर से उनकी टी.सी. (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) की प्रति भेंट दी गई थी। इस कॉलेज ने देश को कई प्रमुख डॉक्टरों, शिक्षकों, जजों और नेताओं को दिया है।
