Sports News

पद्मश्री मिल्खा सिंह का निधन, इंग्लैंड में WTC खेल रही टीम इंडिया ने दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली:फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर पद्मश्री मिल्खा सिंह का निधन हो गया है। वह पिछले एक महीने से कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे थे। मिल्खा सिंह ने शुक्रवार देर रात 11:24 बजे अंतिम सांस ली। हालांकि उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आ गई थी लेकिन दोबारा उनकी तबीयत खराब हो गई। उनकी पत्नी की पांच दिन पहले कोरोना वायरस के चलते मौत हुई थी।

मिल्‍खा सिंह के निधन की खबर के सामने आने के बाद करोड़ों भारतीय उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर मिल्खा सिंह द्वारा स्थापित किए गए कई रिकॉर्ड्स को युवा पीढ़ी सलाम कर रही है। इसके अलावा राजनेताओं सहित खेल और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लाेगों ने शोक जताया है।

Join-WhatsApp-Group

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह, हरियाणा के गृह एवं स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री अनिल विज, कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने शोक जताया है और श्रद्धांज‍लि दी है। पंजाब सरकार ने मिल्खा सिंह के निधन पर पंजाब में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

बता दें बुधवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगटिव आ गई थी, जिसके बाद उन्हें कोविड अस्पताल के कार्डियक आइसीयू में शिफ्ट कर कर दिया था। वहीं उनका इलाज चल रहा था। वह तेजी से रिकवर कर रहे थे, लेकिन उम्र और शरीरिक कमजोरी की वजह से उनकी मौत हो गई।

मिल्खा सिंह की 17 मई को कोरोना रिपोर्ट पॉजटिव आई थी। उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां कोरोना की रिपोर्ट नेगटिव आने के बाद 31 मई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद वह सेक्टर -8 स्थित अपने घर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आराम कर रहे थे। तीन जून को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और आक्सीजन लेवल गिरने के बाद उन्हें पीजीआइ में भर्ती करवाया गया था। इससे पहले 13 जून को उनकी पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का कोरोना महामारी से निधन हो गया था।

भारतीय क्रिकेट टीम ने फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर इस धावक को श्रद्धांजलि देने का फैसला किया है। भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड के साउथैंपटन में है और न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल खेल रही है और इस मैच में टीम इंडिया ने मिल्खा सिंह की याद में काली पट्टी बांध कर उतरने का फैसला किया है।बीसीसीआई ने बताया, “भारतीय टीम मिल्खा सिंह की याद में काली पट्टी बांध कर उतरेगी जिनका कोविड-19 के कारण निधन हो गया।”

To Top