नई दिल्ली गुजरात में एक बार फिर भाजपा की सरकार बन गई है । विजय रूपाणी ने गांधीनगर में आयोजित एक समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। वह दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभालने जा रहे हैं। वहीं नितिन पटेल ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर पीएम मोदी भी मौजूद रहे। उनके अलावा भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह समेत कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस समारोह में पहुंचे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस में शामिल हुए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे।
https://twitter.com/ANI/status/945536041565405184
रूपाणी सरकार के मंत्रिमंडल में करीब 20 मंत्रियों काे जगह मिली है, जिनमें नौ कैबिनेट मंत्री शामिल किए गए हैं। कई नए चेहरों को भी जगह मिली। ईश्वर भाई परमार, गणपत बसावा, भूपेंद्र सिंह चूड़ासमा, दिलीप ठाकोर कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। वहीं बच्चू भाई खाबड, प्रदीप सिंह जडेजा, कौशिक पटेल, ईश्वर सिंह पटेल, विभावरी दवे, वासणभाई गोपालभाई, किशोर कनानी राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली। इससे पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से पीएम मोदी का स्वागत किया गया। वहीं उन्होंने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी देखने को मिली।
आपको बता दें कि राज्य में भाजपा की यह लगातार छठी सरकार है और बतौर मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने दूसरी बार शपथ ली है। पार्टी ने 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में 99 सीटें जीती हैं। इस चुनाव में भाजपा को 2012 के चुनाव से 16 सीटें कम मिली हैं। कांग्रेस को उस समय 61 सीटें मिली थीं। इस बार कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत हासिल हुई। रूपाणी और पटेल को 22 दिसंबर को भाजपा विधायक दल का नेता और उपनेता चुना गया था।