Sports News

टेस्ट में विराट की टीम नंबर वन, दूसरे नंबर पर पाकिस्तान

Ad

नई दिल्ली। टीम इंडिया टेस्ट की नंबर एक टीम बन गई है। श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम नंबर तीन आ गई है  और नंबर दो के स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम पहुंच गई है। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे  टेस्ट मैच में 163 रनों से हराकर सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। साथ ही पहली बार श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को किसी सीरीज में क्लीन स्वीप किया।

ADVERTISEMENTS Ad

ऑस्ट्रेलियाई टीम श्रीलंका दौरे में आने से पहले  118 अंक लेकर टॉप पर  थी। लेकिन पहले टेस्ट में 106 रन, दूसरे टेस्ट में 229 रन और आखिरी टेस्ट में 163 रन से हार गई। लगातार हार के कारण ऑस्ट्रलिया के 108 अंक हो गए जिससे वह इंग्लैंड के बराबर हो गई लेकिन रैंकिंग में वह एलिस्टर कुक की टीम से ऊपर है जबकि श्रीलंका के कुल 95 अंक हो गए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के बादशाहत गंवाने का मतलब है कि भारत आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज हो गया है जबकि पाकिस्तानी टीम उससे महज एक अंक पीछे दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। भारत ने साल की शुरुआत टॉप रैंकिंग से की थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 की जीत के बाद अपना पहला स्थान दोबारा हासिल कर लिया था।

पाकिस्तानी टीम एक साल से भी कम समय में दूसरी बार दूसरे नंबर पर पहुंची है। पिछले साल यूएई में इंग्लैंड को 2-0 से पराजित करने के बाद भी पाकिस्तान दूसरे स्थान पर पहुंचा था और 2003 में मौजूदा रैंकिंग प्रणाली शुरू करने के बाद ऐसा पहली बार हुआ था।

टॉप स्थान बरकरार रखने के लिए टीम इंडिया को अब वेस्टइंडीज के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा और अंतिम टेस्ट जीतना होगा, जो गुरुवार से पोर्ट ऑफ स्पेन में शुरू हो रहा है। भारत अगर टेस्ट मैच जीतने में असफल रहता है तो पाकिस्तानी टीम पहली बार नंबर एक रैंकिंग पर काबिज हो जाएगी। अगर भारत चौथा टेस्ट जीत जाता है तो उसके 112 अंक हो जाएंगे जिससे वह पाकिस्तान से महज एक अंक आगे रहेगा लेकिन अगर यह टेस्ट ड्रॉ हो जाता है तो उसके 110 अंक होंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top