Dehradun News

उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाली ट्रेन कैंसिल, जानिए रेलवे ने क्यों लिया फैसला

Ad

Uttarakhand News | Train Cancelled | Delhi Protest : दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन से पहले उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने छह ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस भी शामिल है। इसके अलावा उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाले प्रमुख रास्तों पर सुरक्षा जांच बढ़ाने की तैयारी है।

रेलवे के फैसले से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रद्द की गई ट्रेनों के यात्रियों को टिकट का पैसा वापस किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक रिफंड की प्रक्रिया एक से दो दिन में पूरी होने की उम्मीद है।

उत्तराखंड के इन रास्तों पर बढ़ेगी निगरानी

दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों पर 9 अक्टूबर की रात से चेकिंग तेज करने की तैयारी है। देहरादून से दिल्ली जाने वाले आशारोड़ी बॉर्डर, हरिद्वार से दिल्ली जाने वाले रुड़की मार्ग, हल्द्वानी से दिल्ली जाने वाले रुद्रपुर-रामपुर मार्ग और कोटद्वार से दिल्ली जाने वाले नजीबाबाद मार्ग पर निगरानी बढ़ाई जा सकती है।

ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाले हरिद्वार-रुड़की मार्ग पर भी वाहनों की जांच की जा सकती है। संदिग्ध पाए जाने वाले लोगों से पूछताछ और जरूरत पड़ने पर उन्हें हिरासत में लेने की कार्रवाई हो सकती है।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी नजर

प्रदर्शन को देखते हुए देहरादून आईएसबीटी, हरिद्वार और हल्द्वानी समेत प्रमुख बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर भी निगरानी बढ़ाए जाने की तैयारी है। जरूरत पड़ने पर वाहनों की जांच और ट्रैफिक डायवर्जन जैसे कदम उठाए जा सकते हैं। हालांकि इन अतिरिक्त सुरक्षा इंतजामों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस ने CJP के प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी

दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी है। शुक्रवार को जॉइंट सीपी नूपुर प्रसाद ने बताया कि पार्टी ने 7 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करने की सूचना दी थी। निर्धारित दिशानिर्देशों के मुताबिक प्रदर्शन के लिए 10 दिन पहले आवेदन करना जरूरी है।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर 10 अक्टूबर को दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का फैसला लिया है।

वहीं CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा कि सरकार प्रदर्शन से डर गई है। उनका कहना है कि राजधानी में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती कर सरकार ने खुद ही बंद जैसे हालात बना दिए हैं।

दिल्ली पहुंचने वाली कई ट्रेनें भी रद्द

न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली निर्धारित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। रेलवे ने इन ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही नहीं चलाने का फैसला लिया है।

ऐसे में उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।

Ad
To Top